
डेल्टा प्लस वैरिएंट से हुई पहली मौत, बुजुर्ग महिला ने लगवाई थी वैक्सीन की दोनों डोज
बुधवार को महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वैरिएंट के 20 नए केस मिले हैं। अब यहां इस वैरिएंट के मरीजों की संख्या 65 हो गई है।
कोरोना की तीसरी लहर ने अपना काम शुरू कर दिया है। देश में कई कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट के शिकार बन चुके हैं। अब मुंबई में डेल्टा प्लस वैरिएंट की वजह से पहली मौत हुई है। यह घटना घाटकोपर इलाके में हुई है, जहां 63 वर्षीय महिला की मौत हुई है। बता दें कि यह बुजुर्ग 21 जुलाई को कोरोना संक्रमित हुई थी। उसने 27 जुलाई को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। गुरुवार को उनकी नई रिपोर्ट आई, जिसमें स्पष्ट हुआ है कि उनकी मौत डेल्टा प्लस वैरिएंट से हुई है। महिला ने वैक्सीन की दोनों डोज ली थीं।
बता दें कि डेल्टा प्लस वैरिएंट से महाराष्ट्र यह पहली मौत नहीं है। अब तक तीन मौतें हो चुकी हैं। पहली मौत 13 जून को रत्नागिरी में 80 वर्षीय महिला की हुई थी। शुक्रवार को भी महाराष्ट्र के रायगढ़ में डेल्टा प्लस वेरिएंट से एक 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत की पुष्टि जिलाधिकारी निधि चौधरी ने की है। राज्य सरकार ने बृहन्मुंबई नगर निगम को जानकारी दी थी कि मुंबई में 7 लोग डेल्टा प्लस वैरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद बीएमसी ने इन मरीजों के संपर्क में आए लोगों से बातचीत करनी शुरू की।
ये महिला भी उन सात लोगों में ही शामिल थी। बुधवार को महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वैरिएंट के 20 नए केस मिले हैं। अब यहां इस वैरिएंट के मरीजों की संख्या 65 हो गई है। पुणे में 3, नांदेड़ में 2, गोंदिया में 2, रायगढ़ में 2 और पालघर में 2 मरीज मिले हैं। इसी प्रकार चंद्रपुर और अकोला जिले में एक-एक मरीज पाए गए हैं। महाराष्ट्र में मिले 65 मरीजों में से 32 पुरुष और 33 महिलाएं हैं। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए अब तक जितने सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग हुई है। उसमें से 80% में डेल्टा प्लस वैरिएंट पाए जाने की पुष्टि हुई है।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने दी ट्विटर को धमकी, कहा- अच्छा नहीं होगा अंजाम