![असम और मिजोरम](/wp-content/uploads/2021/07/2_1627313713-720x470.jpg)
असम और मिजोरम सीमा पर तनाव, हिंसक झड़प में छह जवान शहीद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा व मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा से अलग-अलग बात की।
एक बार फिर असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद ने जोर पकड़ लिया है। सोमवार को असम-मिजोरम सीमा पर हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में छह जवानों की जान चली गई। दोनों राज्यों की फायरिंग में जवानों की जान चली गई। ये जवान असम के थे। खबरों के मुताबिक, मिजोरम की ओर से उपद्रवियों और पुलिस जवानों द्वारा की गई गोलीबारी में असम के कछार में छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 60 से अधिक घायल हो गए हैं।
इस हिंसा के बाद दोनों राज्यों के बीच तनाव और बढ़ गया है। वहीं, असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फायरिंग और पत्थरबाजी में घायल पुलिसकर्मियों में कछार के पुलिस अधीक्षक निंबाल्कर वैभव भी शामिल हैं। दोनों राज्य के मुख्यमंत्री इस घटना के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप की मांग की। इसके बाद शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा व मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा से अलग-अलग बात की।
उनसे विवादित सीमा पर शांति सुनिश्चित करने और सहमतिपूर्ण समाधान की बात की। सोमवार को ट्विटर पर हिमंता बिस्व सरमा घोषणा की कि कछार जिले में अंतरराज्यीय सीमा पर मिजोरम से उपद्रवियों द्वारा की गई फायरिंग में पुलिस के छह कर्मी राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। बाद में सरकार ने शहीद पुलिसकर्मियों की संख्या को पांच बताया।