
मैनपुरी: यूपी विधानसभा चुनाव के पहले सपा संरक्षक मुलायम सिंह ने बेटे अखिलेश यादव के लिए प्रचार की कमान को संभाल लिया है। गुरुवार को उन्होंने मैनपुरी के करहल विधानसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों से अखिलेश यादव के पक्ष में वोट करने की अपील की। मुलायम सिंह यादव ने सपा की जीत के लिए ट्रिपल लेयर फार्मूला दिया। उन्होंने कहा कि किसान, व्यापारी और नौजवान तीन मिलकर ही इस देश को तरक्की के रास्ते पर ला सकते हैं।
उन्होंने किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि सपा की नीति किसानों को प्राथमिकता देनी की है। फिलहाल मुलायम सिंह यादव के इस तरह अचानक चुनाव मैदान में उतरने के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। कुछ राजनीति जानकारों का कहना है कि सपा का गढ़ माने जाने वाले करहल में मुलायम का यूं जाने के कई कारण है। यादव बाहुल्य करहल में कुछ यादवों में शिवपाल के साथ किए गए वर्ताव को लेकर नाराजगी है। इस नाराजगी का इलाज सिर्फ मुलायम सिंह के ही पास है।