
कर्नाटक में भाजपा को झटका, पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार ने छोड़ी पार्टी
जगदीश शेट्टार ने कहा- कांग्रेस में शामिल होने पर फैसला नहीं किया, चुनाव लड़ूंगा
बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य के पूर्व सीएम और बीजेपी के वरिष्ठ नेता जगदीश शेट्टार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। वह टिकट न मिलने से नाराज चल रहे थे और शनिवार देर रात भाजपा से इस्तीफे की घोषणा की। इसके बाद रविवार यानी आज शेट्टार ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस जॉइन करने का फैसला नहीं किया है, लेकिन चुनाव जरूर लड़ेंगे।
गौरतलब है कि 12 अप्रैल को राज्य के उप मुख्यमंत्री रह चुके लक्ष्मण सावदी ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 14 अप्रैल को सावदी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। वे अब कांग्रेस के टिकट पर अथानी विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे।
पूर्व सीएम येदियुरप्पा ने दिया बयान
कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि जगदीश शेट्टार को हमने कर्नाटक का मुख्यमंत्री और प्रदेश बीजेपी का अध्यक्ष बनाया। हमें उनके बयानों ने दुखी किया है। प्रदेश में शेट्टार को लोग भाजपा की वजह से ही जानते थे। उन्हें कर्नाटक की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
येदियुरप्पा ने पूछा- कांग्रेस क्यों जॉइन कर रहे हैं शेट्टार?
येदियुरप्पा ने आगे कहा, जगदीश शेट्टार को धर्मेंद्र प्रधान ने कैबिनेट में मंत्री पद की पेशकश भी की थी। उनके परिवार के सदस्य को हमने टिकट देने की पेशकश की, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। शेट्टार से मैं पूछना चाहता हूं कि वह कांग्रेस में क्यों शामिल हो रहे हैं? अगर वह बीजेपी में वापस आते हैं तो हम उनका स्वागत करेंगे।
शनिवार रात ही पार्टी छोड़ने का किया ऐलान
उधर, जगदीश शेट्टार ने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा हाईकमान को चेतावनी दे दी थी। उन्होंने कहा था कि मेरे टिकट पर हाईकमान फौरन फैसला ले, वरना पार्टी को विधानसभा चुनाव में 20 से 25 सीटों का नुकसान तय है। हालांकि, शेट्टार ने बीजेपी को रविवार तक का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन उन्होंने शनिवार देर रात ही पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी।