
सात खून करने वाली चीनी महिला को फांसी की सजा, ऐसी की थीं हत्याएं
बीजिंग: चीन में सात लोगों का मर्डर, अपहरण और कई लूटपाट की घटनाओं में शामिल एक चीनी महिला को एक स्थानीय कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। लाओ रोंगजी नामक आरोपी महिला ने अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर वर्ष 1996 से लेकर 1999 तक विभिन्न प्रांतों में हत्या, अपहरण और लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया। आरोपित सात लोगों की हत्या की वारदात में शामिल थी।
लाओ रोंगजी को नवंबर, 2019 में अरेस्ट किया गया था। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपना नाम बदल-बदलकर करीब 20 वर्षों तक रहती रही। कोर्ट ने उसकी सारी संपत्ति जब्त करने का भी आदेश दिया है। अदालत का फैसला सुनते ही आरोपित महिला कोर्ट में ही रोने लगी। हालांकि, उसने बाद में कहा कि, वह कोर्ट के इस फैसले के विरुद्ध अपील करेगी।
इन्हें बनाती थी निशाना
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, वर्ष 1996 से 1999 के दौरान आरोपित महिला अपने पुरुष मित्र फा झीइंग के साथ नंचांग शहर में चार लूटपाट, अपहरण और झियांग्सी, जियांग्सू, झेजियांग और अनहुई प्रांतों में कई मर्डर की वारदातों में शामिल थी। वह अमीरों को निशाना बनाती थी।