
भाजपा की जीत से दुःखी युवक ने शैक्षणिक प्रमाणपत्र को लगायी आग
जहां एक तरफ बीजेपी की जीत को लेकर समर्थकों का जश्न रूक नहीं रहा है। वहीं दूसरी तरफ विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मैनपुरी के करहल से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है।
शैक्षणिक प्रमाणपत्र को लगाई आग
दरअसल सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव जिस सीट से चुनाव लड़कर विजयी हुए हैं। यहां एक युवक ने अपने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों को आग लगा दी। युवक का प्रमाणपत्रों को आग लगाने का वीडियो वायरल हो रहा है। करहल निवासी शीलरतन ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकपत्र और सनद जला दिया। शीलरतन वीडियो में कह रहा है कि योगी सरकार में नौकरियां नहीं निकली थीं। उसे उम्मीद थी कि 2022 में सपा की सरकार बनेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
शीलरतन कंप्यूटर सेंटर में करते हैं काम
शीलरतन करहल में कंप्यूटर सेंटर में काम करते हैं। स्टेशन स्टेशनरी के साथ ही वह यहां जॉबवर्क का काम करते हैं। साथ ही कंप्यूटर से जुड़े काम भी करते हैं।
करहल सीट से अखिलेश यादव की हुई है जीत
सपा का गढ़ कह जाने वाले मैनपुरी जिले में सपा के खाते में सिर्फ दो सीटें आई हैं। इसमें करहल विधानसभा सीट से खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव जीते हैं। यह उनका पहला विधानसभा चुनाव था। किशनी सीट से सपा के बृजेश कठेरिया ने जीत दर्ज की है। मैनपुरी और भोगांव सीट पर भाजपा ने कब्जा किया है।