
Russia Ukraine War : यूक्रेन में फंसे हरियाणा के छात्र कुछ इस तरह से कर रहे है एक दूसरे की मदद
बहादुरगढ़ : यूक्रेन और रूस के बीच छिड़े युद्ध के बीच वहां फंसे हरियाणा के छात्र और लोगों को खासा दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी वे हौसला नहीं हारे है, वहां भी खारकीव में हरियाणा के 40 से 50 बच्चों ने मिलकर ग्रुप बनाया है और एक दूसरे की मदद करने का काम कर रहे है।
वही यूक्रेन रूस युद्ध में बहादुरगढ़ के गांव लोवा कलां की बेटी प्रियंका मान भी वहां पर फंसी गयी है। छह साल से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही प्रियंका को तीन महीने बाद पढ़ाई पूरी करके वापस लौटना था। लेकिन अब युद्ध के हालात के बीच सब कुछ मुश्किल हो गया है। इधर, घर पर जब प्रियंका का फोन आता है तो परिवार के साथ ही पड़ोसी भी बेटी को हिम्मत देते हैं।
सभी प्रियंका की सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं। दिन में कई बार परिवार की प्रियंका से बात होती है। पिता सतबीर मान, मां बबीता और भाई दीपांशु व सिद्धार्थ हर पल चिंतित रहते हैं। दीपांशु ने बताया कि प्रियंका पहले लौटना चाहती थी, मगर वहां पर संस्थान प्रबंधन की ओर से उन विद्यार्थियों काे रुकने की सलाह दी गई, जिनका पढ़ाई का अंतिम वर्ष है। तीन महीने बाद प्रियंका की परीक्षा होनी है। उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी करके और डिग्री लेकर वापस लौटेगी। मगर पता नहीं परीक्षा समय से हो पाएगी या नहीं।