![](/wp-content/uploads/2022/03/images-23.jpeg)
28 और 29 मार्च को हरियाणा में रोडवेज कर्मी करेंगे चक्का जाम, जानिए हड़ताल की क्या है वजह
केंद्रीय संगठनों के आह्वान पर हरियाणा में 28 और 29 मार्च को हड़ताल की जाएगी। इसको सफल बनाने को लेकर कर्मचारी संगठनों ने दोनों दिन रोडवेज का चक्का जाम का दावा किया है।
रोडवेज और बिजलीकर्मी की हड़ताल
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात 10 से शिफ्टवाइज बिजली कर्मी और सोमवार सुबह करीब 3 बजे रोडवेज कर्मचारी हड़ताल करना शुरु करेंगे। हालांकि, विभाग बसों के सुचारु संचालन के लिए तमाम कोशिशें जारी हैं। हांलाकि, हरियाणा रोडवेज कर्मचारी एकता यूनियन हड़ताल में शामिल नहीं होगी और उसके सदस्य बसें चलाएंगे। और दैनिक वेतन के कर्मचारियों के भरोसे बसें चलाने की तैयारियां की गई हैं।
हरियाणा के 60 लाख कर्मचारी और मजदूर करेंगे हड़ताल
ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट इंप्लाइज फेडरेशन राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा ने दावा किया है कि, हरियाणा के 60 लाख कर्मचारी और मजदूर हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल का आह्वान सीटू, एटक, इंटक, एचएमएस, एआईयूटीयूसी सहित देश की 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट इंप्लाइज फेडरेशन समेत अन्य कर्मचारी संघों ने संयुक्त रूप से किया है। हालांकि आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं किया जाएगा। बिजली की बड़ी लाइनों की ब्रेकडाउन होने पर बिजली कर्मचारी हड़ताल पर रहते हुए बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश करेंगे।
इन मांगों पर अड़े हड़तालकर्मी
प्रमुख मांगों में पीटीआई और ग्रुप डी खेल कोटे के कर्मचारियों सहित छंटनी ग्रस्त सभी कर्मचारियों की सेवाएं बहाल करने, एनएचएम, गेस्ट टीचर सहित सभी प्रकार के अनियमित और ठेका कर्मचारियों को पक्का करने, पक्का होने तक समान काम समान वेतन और सेवा सुरक्षा प्रदान करने, पुरानी पेंशन बहाल करने समेत अन्य मांगों को लेकर हड़ताल होगा। इसके अलावा बिजली संशोधन बिल-2022 को रद्द करने, वेतन विसंगतियों को दूर करने, एक्सग्रेशिया रोजगार स्कीम में लगाई गई शर्तों को हटाने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और आंगनबाड़ी, आशा व मिड डे मील वर्करों को कर्मचारी का दर्जा देने आदि शामिल हैं।