
15 अक्टूबर से खत्म होगी भारत में विदेशी पर्यटको के प्रवेश पर पाबंदी
कोरोना महामारी फैलने के बाद पिछले साल मार्च में विदेशी पर्यटकों के भारत में प्रवेश पर लगाई पाबंदी 15 अक्तूबर से खत्म हो जाएगी। हालांकि, 15 अक्तूबर से प्रवेश के लिए वीजा सिर्फ उन्हीं विदेशी पर्यटकों को दिया जा रहा है, जो चार्टर्ड विमान किराये पर लेकर भारत आ रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि सामान्य हवाई या जल परिवहन सेवाओं से आने वाले सभी विदेशी पर्यटकों को 15 नवंबर से देश में आने का वीजा मिलेगा। इसकी जानकारी वाराणसी में ‘बौद्ध सर्किट ट्रेन परिचय यात्रा व सम्मेलन’ के दौरान पर्यटन मंत्रालय के सचिव अरविंद सिंह ने भी दी। उन्होंने बताया कि विदेशी पर्यटकों को फ्री वीजा भी दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी वर्चुअली शामिल हुए और बौद्ध पर्यटन की क्षमता को बढ़ाने के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए अपने संबोधन में भगवान बुद्ध के आदर्शों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों का विकास हमारी प्राथमिकता में है। आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित अमृत महोत्सव के तहत इन स्थलों पर विशेष कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
गृह मंत्रालय ने दी यह जानकारी
गृह मंत्रालय ने कहा कि विभिन्न इनपुट पर विचार करने के बाद विदेशी नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करने की व्यवस्था दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। चार्टर्ड विमान से आने वाले विदेशियों को 15 अक्तूबर से और सामान्य सेवाओं से आने वालों को 15 नवंबर से आने का वीजा जारी किया जाएगा। सभी विदेशी नागरिकों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी कोविड-19 प्रोटोकॉल व नियमों का पालन करना होगा। ये प्रोटोकॉल व नियम विदेशी नागरिकों को लाने वाली हवाई सेवा और उनके उतरने की व्यवस्था से जुड़े सभी हित धारकों पर भी लागू होंगे। इनमें कोविड-19 टीकाकरण से जुड़े नियम भी शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कोरोना वायरस की साप्ताहिक संक्रमण दर पिछले सप्ताह घटकर 1.68 पर आ गई। इससे पूर्व यह 5.86 फीसदी थी। महामारी की चुनौती अब भी कायम है। हमें अक्तूबर से दिसंबर तक तीन माह सतर्क रहना होगा।