तालिबान का छह राज्यों की राजधानी पर कब्जा, यूनिसेफ ने बच्चों के लिए जताई चिंता
यूनिसेफ ने कहा, "बच्चों के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं। अफगानिस्तान लंबे समय से बच्चों के लिए दुनिया की सबसे खराब जगह है।"
अफगानिस्तान में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि तालिबान पूरे अफगानिस्तान पर कब्जा कर लेगा। सैन्य बलों और आतंकियो के बीच चल रहे भयानक संघर्ष के बाद तालिबान ने छह राज्यों की राजधानियों पर कब्जा कर लिया है। बता दें कि तालिबान ने कुंदुज, सर-ए-पुल, उत्तरी सूबे तालकान की राजधानी तालकान, उत्तरी जौजजान प्रांत की राजधानी शेबरगान, पश्चिमी निमरोज प्रांत की राजधानी जजरंज और उत्तरी प्रांत समांगन की राजधानी अयाबेक पर कब्जा कर लिया है।
जानकारों के अनुसार, कुंदुज पर कब्जा तालिबान के लिए सबसे बड़ी कामयाबी और अफगान सरकार के लिए जोर का झटका है। कुंदुज का भौगोलिक दृष्टि से काफी महत्व है, क्योंकि उसे देश के उत्तरी हिस्से का गेटवे भी कहा जाता है। उत्तरी हिस्से में खनिज का भंडार पाया जाता है।
कुंदुज से ताजिकिस्तान की सीमा लगी हुई है। इसकी आबादी करीब दो लाख 70 हजार है। अफीम और हेरोइन की तस्करी मध्य एशिया के देशों में ताजिकिस्तान से लगी सीमा को पार कर की जाती है। कुंदूज पर नियंत्रण का मतलब है ड्रग्स तस्करी के अहम ठिकानों पर कब्जा। वहीं दोनों ओर से जारी हमलों में बच्चों की मौतों और बाल अधिकार हनन पर यूनिसेफ ने चिंता जताई है। यूनिसेफ ने कहा, “बच्चों के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं। अफगानिस्तान लंबे समय से बच्चों के लिए दुनिया की सबसे खराब जगह है।”
खबरों की मानें तो अफगान के ज्यादातर देहाती इलाके तालिबान के कब्जे में पहले ही आ चुके हैं। हालांकि, शहरों की सुरक्षा के लिए सरकारी फौज की कोशिश अभी भी जारी है। मुल्क में जारी युद्ध के हालात को देखते हुए ब्रिटेन ने अपने नागरिकों को अफगानिस्तान छोड़ने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें- संसदीय दल की बैठक खत्म, जानिए पीएम मोदी ने सांसदों को क्या आदेश दिए