
पंजाब : नवजोत सिद्धू पर बरसे मनीष तिवारी, कहा- नहीं है कोई राजनीतिक संकट, मजबूती से चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने नवजोत सिंह सिद्धू को आड़े हाथ लिया है।
पंजाब: कांग्रेस पार्टी में शुरू हुआ अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रहा है। पार्टी के बड़े नेता नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के बीच हुए विवाद को रोकने में लगे हैं। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने नवजोत सिंह सिद्धू को आड़े हाथ लिया है। मनीष तिवारी ने एक बयान में कहा कि, ‘पंजाब इकाई में कोई समस्या नहीं लेकिन कुछ लोगों का निजी एजेंडा है।’ उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार के सौतेले व्यवहार के कारण कुछ मसले हैं, राज्य में कोई और समस्या नहीं है।
पंजाब में हुए विवाद को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी खुद समाप्त करने की कोशिशें कर रही हैं। मनीष तिवारी ने कहा कि, ‘अगर कोई अपना एजेंडा रखता है और वो एजेंडा ट्विटर या किसी और माध्यम से चलाना चाहते हैं तो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को इसे बहुत गंभीरता से लेना चाहिए।’ मनीष तिवारी ने कहा, पंजाब में कांग्रेस अखंड है और मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
गौरतलब है कि, पंजाब में बिजली मुद्दा इस समय काफी जोर पकड़ा है। नवजोत सिद्धू बिजली मुद्दे के साथ साथ और कई मुद्दों पर पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार को घेर रहे हैं। इस विवाद में मनीष तिवारी ने सीधे तौर पर कैप्टन अमरिंदर का साथ दिया। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने तीन विधानसभा उपचुनावों में जीत हासिल की है. पंजाब की 13 लोकससभ सीटों में से 8 में कांग्रेस जीती है। बता दें कि, पंजाब में अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं।