
प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर को कॉल कर जाना हालचाल
बीजेपी के सीनियर नेता व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी निगाहें लगाए हुए हैं। उन्होंने भाजपा कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह को फोन कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ को फोन कर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात कही।
कल्याण सिंह लखनऊ के एसजीपीजीआई में अभी भर्ती हैं। उनकी हालत अभी नाजुक बताई जा रही है। आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका ब्लड प्रेशर व हृदय की गति सामान्य है, लेकिन वह होश में नहीं है। ऐसे में उन्हें रविवार शाम लोहिया संस्थान से रेफर कर एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है।
एसजीपीजीआई में वरिष्ठ डॉक्टरों का पैनल उनकी निगरानी कर रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या सहित अन्य नेताओं ने उनसे मुलाकात कर हालचाल लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह करीब दो सप्ताह से बीमार चल रहे हैं। उन्हें 21 जून को लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान अनियंत्रित ब्लड शुगर एक्यूट, बैक्टीरियल पैरोटिसिस एवं सेपस्सि की शिकायत पाई गई। इस समस्या में शरीर में सूजन और संक्रमण होता है।
लोहिया संस्थान के मीडिया प्रभारी डा. श्रीकेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को एंटीबायोटिक्स सहित अन्य दवाएं देने पर संक्रमण कम हुआ। सेपस्सि के अन्य पैरामीटर भी सामान्य हो गए। मस्तिष्क के सीटी स्कैन में खून का थक्का पाया गया। इसी बीच तीन जुलाई को ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया। माइनर हार्ट अटैक भी आया। इस पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया।