
पौड़ी गढ़वाल : ननद की हिम्मत से गुलदार के पंजों में फंसी भाभी की जान बची
पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड के गांवों में गुलदार का आतंक दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। पौड़ी गढ़वाल जिले के चौबट्टाखाल तहसील के अंतर्गत गांव में देर शाम गांव की एक महिला रसोई में खाना बना रही थी। गुलदार ने मौका पाकर उसपर हमला कर दिया।
महिला को घसीटता हुआ वो वहां से ले जाने की कोशिश करने लगा। उसी समय दूसरी महिला वहां पहुँची उसने अपनी भाभी को गुलदार के शिकंजे में फंसा देखा। आनन-फानन में उसने गुलदार के ऊपर पत्थरों से वार करना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से गुलदार ने उसकी भाभी को वहीं रास्ते मे छोड़ दिया और वो भाग निकला ।
गुलदार के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है।
घटना रात्रि नौ बजे के आसपास की बताई जा रही है। ग्राम घरतोली निवासी रचना देवी रसोई में ननद रिंकी के साथ खाना बना रही थी। किसी कार्य के चलते उसकी ननद बाहर गई।
उसके बाहर जाते ही ताक लगाए बैठे गुलदार ने रचना पर हमला कर दिया। गुलदार रचना को घसीटता हुआ खेतों तक ले गया। शोर सुन रिंकी बाहर आई उसने अपनी भाभी को गुलदार के पंजों में फंसा पाया। ये दखते ही उसने शोर मचाना शुरू किया साथ ही गुलदार के ऊपर एक बाद एक पत्थर फेंकने लगी।
हमले से डर कर गुलदार ने रचना को वहीं घायल अवस्था मे छोड़ दिया। वो जंगल की तरफ भाग निकला। बताया जा रहा है कि रचना की गर्दन और पेट मे अंदरूनी चोटें आई है। साथ ही गुलदार के हमले से उसके चेहरे और गर्दन में जगह जगह पंजों के निशान पड़ गए हैं।
घटना के बाद वन विभाग द्वारा घटनास्थल पर पिंजरा लगा दिया गया है।
ये भी पढ़े :- उत्तराखंड : तल्ला सल्ट में स्विफ्ट डिजायर दुर्घटनाग्रस्त, 4 लोग घायल