
जानें ऐसा क्या हुआ कि मंडप से उठकर सीधे थाने पहुंच गई दुल्हन
ससुराल जाने से किया इनकार
पटना में एक बार फिर से शादी के दौरान बवाल हो गया। दरअसल दुल्हन ने लड़का पक्ष पर दहेज को लेकर मारपीट करने का आरोप लगा। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दुल्हन ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया और वह घंटों थाने में बैठी रही। इस दौरान दुल्हन ने मारपीट करने वाले दूल्हे के परिवार के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की पुलिस से मांग की।
दरअसल बीच शादी समारोह में वर और वधू पक्ष के बीच मारपीट हो गई। जिसमें वधू पक्ष के आठ लोग घायल हो गए। तो वहीं मिली जानकारी के अनुसार दानापुर के मेवालाल साव के बेटे गोपाल कुमार के साथ नालंदा जिले के रहने वाले मोहन प्रसाद की बेटी की शादी तय की गई थी। शादी दानापुर के ही एक मैरेज हाल में हो रही थी।
ऐसे में दुल्हन की विदाई के समय दहेज को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। वर पक्ष पहले से तय दहेज में कमी को लेकर भड़क गया। वर पक्ष के लोगों ने वधू पक्ष के साथ तू-तू, मैं-मैं शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। जिसके बाद दोनों पक्ष दानापुर थाने पहुंचा। दुल्हन भी शादी के जोड़े में पुलिस से दूल्हे के परिवारवालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगी।
तो वहीं दुल्हन ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब शादी के दौरान ही यह हाल है तो शादी के बाद ये लोग अपने घर मुझे ले जाकर कैसा सलूक करेंगे। दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि दहेज में उनसे 15 लाख रुपए कैश की मांग की गई थी। उन्होंने 10 लाख रुपए दे भी दिए थे। पांच लाख के गहने भी दिए। इसके बावजूद वर पक्ष खुश नहीं हुआ। और अधिक दहेज की मांग करने लगा। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और वर पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी।
उधर दानापुर पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार के सदस्यों को लोहे की रॉड से पीटा गया, दानापुर पुलिस के अधिकारी मोनाजिर आलम के मुताबिक मामले की छानबीन की जा रही है।