![](/wp-content/uploads/2022/03/download-12-1.jpeg)
नशे की हालत में झील में गिरने से पालिका कर्मचारी की मौत, परिवार में मचा कोहराम
नैनीताल। उत्तराखंड के जिला नैनीताल के मल्लीताल इलाके में सुबह-सुबह एक पालिका कर्मचारी अचानक झील में जा गिर गया। झील के पास मौजूद लोगों ने जब युवक को नदी में गिरते दिखा तो शोर मचाया। जिसके बाद नाव चालकों ने उसे निकाल कर लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पालिका कर्मचारी को मृत करार दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, आज शुक्रवार की तड़के मल्लीताल बैंड स्टैंड के पास पालिका कर्मी सूखाताल निवासी राजेश ( 54) शराब पीकर बैठा था। इस दौरान वह अनियंत्रित होकर झील में गिर गया। झील में गिरता देख आस पास मौजूद लोगों ने हल्ला किया तो नाव चालक व कुछ स्थानीय युवकों ने उसको झील से निकाल लिया था।
उस समय पालिकाकर्मी बेहोश था, लोगों ने उसके पेट से पानी निकाला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस व स्थानीय लोग आनन फानन में उसको बीडी पांडे अस्पताल ले पहुंचे। अस्पताल में डॉ. एस धूलिया ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल प्रीतम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है। पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।