
यादें : ट्रेन से आई थी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की बरात, तांगे से पहुंचाए गए थे बराती
कल्याण सिंह (बाबू जी) व्यवस्थाओं को लेकर शुरुआत से सचेत रहते थे। देवापुर (कल्याण सिंह की ससुराल का गांव) पहुंचने पर सबसे पहले उन्होंने बरात ठहरने के स्थान को खुद देखा। चेक किया कि व्यवस्थाओं में कोई कमी तो नहीं है।
लखनऊ : उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (बाबू जी) की बरात जनपद अलीगढ़ के गांव मढ़ौली से बहजोई तक ट्रेन से आई थी। उस समय यातायात के साधन कम हुआ करते थे। बहजोई स्टेशन पर ट्रेन से उतरे बरातियों को तांगे से हमारे पैतृक गांव देवापुर पहुंचाया गया था…
यह कहना है जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन एवं बीजेपी नेता गजराज सिंह का, जिनकी तहेरी बहन रामवती के साथ कल्याण सिंह की शादी हुई थी। गजराज सिंह ने कहा कि वर्षों पुरानी इस शादी का साल अब मुझे ध्यान नहीं रहा लेकिन उस वक्त शादी की व्यवस्थाएं देखने वाले घर वालों और रिश्तेदारों से सुने अनुभवों से बरात का सफर ट्रेन से होने की जानकारी है।
वहाँ के बुजुर्ग बताते थे कि कल्याण सिंह (बाबू जी) व्यवस्थाओं को लेकर शुरुआत से सचेत रहते थे। देवापुर (कल्याण सिंह की ससुराल का गांव) पहुंचने पर सबसे पहले उन्होंने बरात ठहरने के स्थान को खुद देखा। चेक किया कि व्यवस्थाओं में कोई कमी तो नहीं है।
बीजेपी नेता गजराज सिंह के अनुसार बाद में गांव से हमारा पूरा परिवार चंदौसी शिफ्ट हो गया था तो बाबू जी की ससुराल चंदौसी शहर की कहलाई जाने लगी। खास अवसरों पर वह चंदौसी हमेशा आते थे। आखिरी बार वह करीब 13 साल पहले वर्ष 2008 में वह चंदौसी आए थे। तब तीन दिन तक यहाँ रुके थे और कुछ समय के लिए देवापुर गांव भी गए थे।
बीजेपी नेता गजराज सिंह ने बताया कि कल्याण सिंह (बाबू जी) को बनावट पसंद नहीं थी। अपना काम खुद करना पसंद करते थे। ससुराल में आने के बाद भी धोती, कुर्ता खुद वह धोते थे। पसंद का खाना पूछने पर उड़द की धुली दाल बनवाते थे।
बीजेपी नेता गजराज सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के वर्ष 1991 में पहली बार सीएम बनने की सूचना मिली तो उत्साह में हम लोग चंदौसी के एक जानने वाले की कार से राजधानी लखनऊ पहुंच गए थे। शपथ ग्रहण समारोह में ले जाने के लिए सरकारी गाड़ी उनके लखनऊ स्थित आवास पर पहुंची तो उन्होंने शपथ से पहले सरकारी गाड़ी में बैठने से इनकार कर दिया। चंदौसी से पहुंची कार में बैठकर शपथ के लिए रवाना हुए थे।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में तीन दिन का शोक, 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित