धर्म परिवर्तन पर मांझी का बड़ा बयान, कहा- जहां मान-सम्मान मिले वहां जाना गलत नहीं
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने महादलितों द्वारा धर्म परिवर्तन पर उनका समर्थन किया है
हम पार्टी के कर्ता धर्ता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने महादलितों द्वारा धर्म परिवर्तन पर उनका समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि जब अपने घर में मान मर्यादा नहीं मिलती है और दूसरे घर में मान-सम्मान मिल रहा है, तभी वहां लोग जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन से देश को कोई खतरा नहीं है।
गया नगर प्रखंड के भेलवाटांड़ महादलित टोला के करीब 125 लोगों के धर्म परिवर्तन किए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन से क्या हिंदुस्तान को कोई खतरा है। भारत धर्मनिरपेक्ष राज्य है। यहां धर्म का प्रचार करने की स्वतंत्रता है। जहां जिसे मन करता है, लोग धर्म का पालन करते हैं। कहीं कोई गलती है, तभी लोग धर्म परिवर्तन कर दूसरे घर में जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यहां छुआछूत की भावना है। यहां लोग अपने मन से धर्म का पालन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जिस घर में हैं उस घर के मालिक को समझना चाहिए कि आखिर लोग क्यों दूसरे घर में जा रहे हैं। उनकी नादानी है या कमजोरी है, जो लोग छोड़ कर जा रहे हैं। इस पर सोचना होगा। मांझी ने कहा कि जो धर्म के पुजारी हैं, उन्हें अपने में सुधार लाने की जरूरत है। तभी धर्म परिवर्तन रुकेगा है।