![उपचुनाव](/wp-content/uploads/2021/09/jpg-3-720x470.jpg)
उपचुनाव के लिए ममता बनर्जी ने भरी हुंकार, कांग्रेस नहीं उतारेगी उम्मीदवार
पश्चिम बंगाल में 30 सितंबर को उपचुनाव होने वाले हैं। इसी के चलते तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेजी से करना शुरू कर दिया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार से अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने जा रही हैं। चुनाव प्रचार अभियान के दौरान ममता भाजपा पर हमला बोल सकती हैं और अपने वोटरों को अपने पाले में करने की पूरी कोशिश करेंगी।
ममता के लिए ये उपचुनाव जीतना बहुत ही जरूरी है। मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्हें यह चुनाव जीतना ही होगा। हाल ही में चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन विधानसभा सीटों-भवानीपुर, जंगीपुर और समसेरगंज में 30 सितंबर को उपचुनाव कराने का ऐलान किया था। भवानीपुर से ममता चुनाव लड़ेंगी। यह उनकी पारंपरिक सीट है।
इसके अलावा, टीएमसी नेता जाकिर हुसैन और अमीरुल इस्लाम क्रमशः जंगीपुर और समसेरगंज सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवार होंगे। इस बार उपचुनाव में भवानीपुर सीट पर कांग्रेस का उम्मीदवार नहीं उतरेगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया को इस बात की जानकारी दी है। वहीं बीजेपी ने भवानीपुर से उपचुनाव में लड़ने के लिए छह उम्मीदवारों की एक सूची तैयार की गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष की अगुवाई में मंगलवार को भाजपा चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता का मजाक उड़ाते हुए कहा कि अगर भाजपा ने मुझे फिर से मैदान में उतारा तो उनका क्या होगा? दो-तीन दिनों में पश्चिम बंगाल उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
यह भी पढ़ें-