लखनऊ-आगरा हाईवे पर हुआ बड़ा हादसा, 2 की मौत और कई घायल
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर ये बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस बड़े हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।
लखनऊ : असम से दिल्ली जा रही एक निजी बस उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में हादसे का शिकार हो गई। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर ये बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस बड़े हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में से कुछ यात्रियों को शिकोहाबाद के संयुक्त हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, कुछ यात्रियों को तुरंत सैफई भी रेफर किया गया है। इनमें 3 की हालत गंभीर है बताई जा रही है। आशंका यह जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ है। आपको बता दें, बस में करीब पचास लोग सवार थे और सभी लोग दिल्ली जा रहे थे।
इस बड़े हादसे का शिकार हुए सभी लोग मजदूर बताए जा रहे हैं, जो दिल्ली में काम की तलाश में जा रहे थे। इस दौरान आज सुबह चार बजे के करीब लखनऊ-आगरा एक्स्प्रेस-वे पर बस हादसे का शिकार हो गई। ये हादसा फिरोजाबाद जनपद के नसीरपुर थाना क्षेत्र में हुआ। घायलों ने बताया कि बस असम से दिल्ली जा रही थी।
इस दौरान नसीरपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के खंभा no 56 के पास बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस बीच कुछ लोगों ने पुलिस और यूपीडा को इस हादसे की जानकारी दी।
जैसे ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा को जानकारी मिली उनकी गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला। 18 घायलों को संयुक्त हॉस्पिटल शिकोहाबाद भेजा गया है और कुछ यात्रियों को मिनी PGI सैफई के लिए रेफर किया गया है। यूपीडा के सुरक्षा कर्मचारियों ने बताया कि ड्राइवर और एक महिला समेत 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी है।
शिकोहाबाद के संयुक्त अस्पताल में तैनात डॉ शिव कुमार कर्दम ने बताया कि हॉस्पिटल में 17 घायलों को इलाज के लिए लाया गया था। जिनमें से 5 यात्रियों को फ्रैक्चर हुआ है। जो यात्री गंभीर हैं, उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: इलाहाबाद हाईकोर्ट में लगातार 3 दिन रहेगा अवकाश, जाने कब तक…