
लता मंगेशकर की एक बार फिर बिगड़ी तबियत, वेंटिलेटर पर किया गया शिफ्ट
भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर की हालत एक बार फिर नाजुक हो गई है। लता मंगेशकर को दोबारा वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है। बता दें कि लता दीदी को 8 जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उन्हें कोरोना के साथ-साथ निमोनिया की भी समस्या हो गई थीं। बीच में लता मंगेशकर की तबीयत सही हो गई थी, लेकिन इस बीच उनकी तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। इस बीच देश भर में उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना और दुआएं की जा रही हैं।
डॉक्टर्स की निगरानी में है लता दीदी
लता मंगेशकर का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समदानी ने एएनआई को बताया कि लता जी की तबीयत फिर से बिगड़ गई है। उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया है। डॉक्टर्स की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। आपको बताते चलें कि लता मंगेशकर 92 साल की हो चुकी हैं। अपने सात दशक के लंबे करियर में, लता मंगेशकर ने कई भारतीय भाषाओं में 30,000 से अधिक गाने गाए हैं। उन्हे सर्वोच्च भारतीय नागरिक सम्मान भारत रत्न, पद्म भूषण, पद्मविभूषण, दादा साहब फाल्के अवॉर्ड समेत दर्जनों पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।