आंध्र प्रदेश के गुंटूर का जिन्ना टॉवर तिंरगे के रंग में रंगा , जल्द ही फहराएगा ध्वज
आंध्र प्रदेश के गुंटूर में बने जिन्ना टावर के नाम को लेकर हुए विवाद होने के बाद अब जिन्ना टावर तिरंगे के रंग में रंग गया है। और तिरंगा फहराने की भी तैयारी की जा रही है।
गुंटूर के विधायक ने दी जानकारी
गुंटूर पूर्व विधायक मोहम्मद मुस्तफा ने बताया कि, कई संगठनों के अनुरोध के बाद ही जिन्ना टावर को तिरंगे के रंग में रंगा गया है। साथ ही, राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए एक पोल बनाया गया है। गुरूवार को जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराया जाएगा। विधायक मुस्तफा ने जीएमसी मेयर कवति मनोहर नायडू के साथ टावर के सुरक्षा इंतजाम आदि का जायजा लिया।
मुस्तफा ने भाजपा पर साधा निशाना
इस दौरान मुस्तफा ने बीजेपी पर निशाना साधा। दरअसल, बीजेपी ने पिछले महीने जिन्ना टावर के नाम को लेकर विरोध जताया था। जिसको लेकर मुस्तफा ने कहा कि, भाजपा के नेताओं को कोरोना महामारी से पीड़ित लोगों की मदद करनी चाहिए, न कि साम्प्रदायिक दंगों को भड़काने की कोशिश करनी चाहिए।
26 जनवरी को शुरू हुआ था विवाद
दरअसल 26 जनवरी को कुछ लोग जिन्ना टावर पर चढ़ गए। और जबरन तिरंगा फहराने की कोशिश की। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया था। इससे पहले बीजेपी की आंध्र प्रदेश इकाई ने दिसंबर में गुंटूर नगर निगम आयुक्त चल्ला अनुराधा को एक ज्ञापन सौंपा था। जिसमें जिन्ना टावर का नाम बदलकर उसका नाम पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम रखने के लिए अनुरोध किया था।