
Jharkhand: MP निशिकांत दुबे के खिलाफ मांगी FIR की अनुमति, DGP ने ADG को दिया जांच का आदेश
सांसद निशिकांत दुबे (MP Nishikant Dubey) के खिलाफ झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन (Jharkhand Police Men’s Association) ने डीजीपी को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की अनुमति मांगी है।
एसोसिएशन के आवेदन के आधार पर डीजीपी ने एडीजी मुख्यालय मुरारी लाल मीणा (Murari Lal Meena) को पूरे मामले की मॉनीटरिंग व जांच का आदेश दिया है। मामला एडीजी मुख्यालय के पास लंबित है। एसोसिएशन के महामंत्री रमेश उरांव के साइन से ही डीजीपी को आवेदन दिया गया है।
इसमें सांसद निशिकांत दुबे पर दुर्भावना से ग्रस्त होकर पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष को फंसाने, ट्वीटर पर झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन की छवि को धूमिल करने का प्रयास करने, और यौन शोषण पीड़िता का मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने का आरोप लगाया गया है।
यह भी आशंका जताई गई है कि सांसद निशिकांत दुबे से पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष के जानमाल के नुकसान की आशंका है।
बता दें कि पिछले दिनों से सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया था कि झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक प्रदीप यादव पर यौन उत्पीड़न का केस करने वाली महिला को केस उठाने का दबाव बनाया।
इसपर राकेश कुमार पांडेय का कहना है कि उन्होंने पूर्व में निशिकांत दुबे के पुलिस विरोधी ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद उन्होंने उनपर एक साजिश के तहत यह आरोप लगाया है। उन्होंने केस उठाने के संबंध में किसी से भी कोई बातचीत नहीं की है।