
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से स्ट्रेचर व एंबुलेंस के कारण जाने जा रही हैं, वो बचाई जा सकती हैं। यूपी में चिकित्सा की झूठी उपलब्धि के झूठे विज्ञापनों में जितना खर्च किया जाता है, अगर उसका थोड़ा सा भी हिस्सा समाजवादी के समय सुधरी चिकित्सा सेवाओं पर लगातार खर्च किया जाता तो आज ऐसी स्थिति न होती।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए लिखा, उप्र में चिकित्सा की झूठी उपलब्धि के झूठे विज्ञापनों में जितना खर्च किया जाता है, उसका थोड़ा-सा हिस्सा भी अगर सपा के समय सुधरी चिकित्सा सेवाओं पर लगातार खर्च किया जाता रहा होता तो आज भाजपा के राज में स्ट्रेचर व एम्बुलेन्स के अभाव में लोगों की जो जान जा रही है वो बचाई जा सकती थी।
महंगाई पर भी साधा निशाना
इसके अलावा उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा कि आज के महंगाई के दौर में कंपनियां बढ़ती हुई लागत जनता से वसूल रही हैं पर अपना लाभ कम नहीं कर रही हैं। लोकतंत्र में सरकार की भूमिका राज करने की नहीं बल्कि ऐसी नीतियां बनाने की होती है जो जनहित के लिए नियंत्रण रखे, जिससे कोई जनता का शोषण-उत्पीड़न न कर सके। भाजपा कंपनी बन गयी है।