India Rise Special

खुशखबरी : देहरादून से दिल्ली के लिए अब रोज मिलेगी वॉल्वो बस

देश की राजधानी दिल्ली तक एसी बस में सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने दिल्ली रूट पर वॉल्वो बसों की संख्या बढ़ा दी है। अब सुबह छह बजे से दिल्ली के लिए वॉल्वो बस मिलेगी।

उत्तराखंड परिवहन निगम के मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता ने जानकारी देते हुए कि शनिवार से दिल्ली और गुरुग्राम के लिए वॉल्वो बसों की संख्या बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया गया है। अब तक दिल्ली के लिए सिर्फ एक वॉल्वो बस रात 11 बजे भेजी जा रही थी। शनिवार से तीन, जबकि रविवार से कुल पांच वॉल्वो बस सेवा का संचालन होने लगेगा।

कोरोना कर्फ्यू के कारण परिवहन निगम की ठप पड़ी बस सेवा भी शनिवार से शुरू होने जा रही है। निगम को इन बसों के संचालन न होने की वजह से काफी घाटा उठाना पड़ा है।अब जैसे-जैसे सभी सेवाएं बहाल हो रही हैं, सवारियों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है, वैसे ही परिवहन निगम भी अपनी बसों की संख्या में बढ़ोत्तरी कर रहा है।

परिवहन निगम ने एक जुलाई से हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए बस सेवा बहाल की थी, जिसके बाद करनाल से होते हुए दिल्ली के लिए बसें शुरू की गई थीं। बाद में उत्तरप्रदेश से अनुमति मिलने के बाद वाया उत्तरप्रदेश होते हुए दिल्ली व अन्य राज्यों के लिए बस सेवा बहाल की गई। वर्तमान में प्रतिदिन रोडवेज करीब एक करोड़ रुपये कमाई कर रहा है।

ये भी पढ़े :-उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क से जुड़ेंगे सौ की आबादी वाले गांव

अब रोज देहरादून से दिल्ली के लिए पहली वॉल्वो बस सुबह छह बजे चलेगी, जो दोपहर एक बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह बस दोपहर तीन बजे दिल्ली से चलकर रात 10 बजे देहरादून पहुंचेगी। इसके बाद देहरादून से दूसरी वॉल्वो रात्रि सवा 10 बजे गुरुग्राम के लिए चलेगी, जो सुबह साढ़े सात बजे गुरुग्राम पहुंचेगी।

बस सुबह साढ़े आठ बजे गुरुग्राम से चलकर शाम पांच बजे देहरादून पहुंचेगी। फिर रात 11 बजे दिल्ली के लिए वॉल्वो चलेगी, जो सुबह छह बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह बस सुबह सात बजे दिल्ली से वापस चलकर दोपहर दो बजे देहरादून पहुंचेगी। परिवहन निगम में अधिक समय से एक ही रूट पर अपनी जगह रूके कंडक्टरों को बदला जाएगा।

परिवहन निगम ने इसका आदेश जारी कर दिया है। परिवहन निगम के मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता ने कोटद्वार, देहरादून ग्रामीण, पर्वतीय, हरिद्वार, रुड़की, श्रीनगर, ऋषिकेश, JNNURM आईएसबीटी दून और हरिद्वार के सहायक महाप्रबंधकों को पत्र भेजा है। जिसमें लिखा है कि देखने में आ रहा है कि कुछ रूटों पर कुछ कंडक्टर लंबे समय से चल रहे हैं। लेकिन लोड फैक्टर के लक्ष्यों को कहीं से भी पूरा नहीं कर रहे हैं। कम सवारियां लेकर चलने की वजह से रोडवेज को भारी नुकसान हो रहा है।

उन्होंने आदेश दिया है कि तुरंत इसकी समीक्षा की जाए। ऐसे सभी कंडक्टरों की पहचान की जाए और उन्हें उन रूटों से हटाया जाए। उनकी जगह नए कंडक्टर लाए जाएं। उन्हें दूसरे रूटों पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित से कम लोड फैक्टर का मामला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इससे परिवहन निगम के राजस्व को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे कंडक्टरों को जब नए रूटों पर भेजा जाए तो उन्हें वहां के लोड फैक्टर लक्ष्य के बारे में जानकारी दी जाए ताकि वह समय से निर्धारित सवारियों के साथ बस संचालन में मदद कर सकें।

Follow Us
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
%d bloggers like this: