
हिमाचल के झटवाड़ी गांव तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख
हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू के गांव झटवाड़ी गांव में बीते शुक्रवार को तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगने की वजह से करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। इस अग्निकांड की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने मामले का जायजा लिया। बीते शुक्रवार की सुबह तकरीबन सवा आठ झटवाड़ी निवासी त्रिलोक ठाकुर पुत्र केदार सिंह ठाकुर के घर में आग लग गई।
पूरा घर अंदर से लड़की द्वारा बना हुआ था। आग लगते ही घर के लोगों ने जैसे तैसे भाग कर अपनी जान बचाई। आग लगने की बात गांव में फैलते ही आस पास के लोग जमा हो गए। इसके बाद लोगों ने इस बात की जानकारी दमकल विभाग को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर एसडीएम भी पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर दस हजार रुपये की राशि, कंबल, बर्तन और राशन दिया है।