TrendingUttar Pradesh

भाजपा के सत्ता के दुरुपयोग से लोकतंत्र हुआ कमजोर: अखिलेश यादव

भाजपा सरकार विद्वेष की भावना से समाजवादी पार्टी व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के सौ दिनों में सत्ता के दुरुपयोग से लोकतंत्र और कमजोर हुआ है। भाजपा सरकार के सौ दिन में मुख्यमंत्री ने जिन उपलब्धियों को बताया है, वे सब झूठ का पुलिंदा और भाजपा की फरेबी राजनीति का हिस्सा हैं। भाजपा अपना गोरखधंधा बंद करे। जनता इसकी सच्चाई को समझ चुकी है। भाजपा का झूठ का व्यापार अब नहीं चल सकेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विद्वेष की भावना से समाजवादी पार्टी व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। भाजपा सरकार सौ दिनों में विकास के सपने तो खूब दिखाती रही है परन्तु जमीन पर उसकी एक भी योजना नहीं दिखाई दे रही है। भाजपा ने अपने किये गए एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। वैसे भी झूठ फरेब की राजनीति का जीवन लम्बा नहीं होता है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने सौ दिन मे प्रदेश की जनता पर जिस तरह का अत्याचार किया है इतिहास में उसकी दूसरी मिसाल नहीं है। किसान और नौजवान आत्महत्या पर विवश है। झांसी में भ्रष्टाचार के कारण किसान और इलाहाबाद में अग्निवीर योजना से क्षुब्ध नौजवान छात्र की आत्महत्याएं भाजपा की अहंकारी और गलत नीतियों के ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अपराधी सत्ता के संरक्षण में अपना अंधाधुंध विकास कर रहे है। बीजेपी कार्यकर्ता और नेता लोगो को डरा धमका रहे है। एक तरफ लोगों के पास रोजगार नहीं है, दूसरी तरफ लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता त्रस्त है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार के सौ दिन अन्याय, अत्याचार, अपराध, अहंकार, लूट, हत्या, दलाली, भ्रष्टाचार के रूप में जाने जाएंगे। इन सौ दिनों में जनता कराह उठी है। भाजपा ने यूपी को क्राइम स्टेट बना दिया है। थाने और तहसीलें दलाली के अड्डे बन गए हैं। आम आदमी की कोई सुनवाई नहीं है। हर वर्ग परेशान है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष को नेस्तनाबूद कर 30-40 साल शासन करने की घोषणा के साथ जिस अहंकार का प्रदर्शन कर रही है उसकी हकीकत जनता अच्छी तरह से जानती है। सत्ता की लोभी भाजपा समाज में नफरत और समाज को बांटने की राजनीति करके सत्ता में बने रहना चाहती है। भाजपा यूपी ही नहीं पूरे देश में लोकतंत्र की हत्या की पर्याय बन चुकी है। जनता अब सन् 2024 में भाजपा से पूरा हिसाब करेगी।

Follow Us
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
%d bloggers like this: