Deepotsav 2022:अयोध्या में पीएम मोदी की पहली दिवाली, रामलला में जलाया पहला दीपक
योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उनके साथ रहीं। अब प्रधानमंत्री सरयू किनारे दीपोत्सव में शामिल होंगे।
अयोध्या: राम नगरी के दीपोत्सव में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंच चुके हैं। उन्होंने सबसे पहले रामलला के दर्शन करके आरती उतारी। इसके बाद गर्भगृह की परिक्रमा की। प्रधानमंत्री ने दानपत्र में जेब से निकालकर रुपए भी डाले। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उनके साथ रहीं। अब प्रधानमंत्री सरयू किनारे दीपोत्सव में शामिल होंगे।
उधर, अयोध्या अब भगवान राम के राज्याभिषेक के लिए सजधज कर तैयार है। पुष्पक विमान से भगवान राम, मां सीता और लक्ष्मण पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी ने भगवान राम की अगवानी की। तिलक लगाकर आरती उतारी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक समेत अन्य नेताओं ने भव्य स्वागत किया। पुष्पक विमान से पुष्प वर्षा भी की गई।
वहीं, पीएम मोदी रामलला में पंचतत्व के प्रतीक पांच दीये जलाएंगे। इसके बाद राम की पैड़ी पर 15 लाख दीये जलाए जाएंगे। पूरी अयोध्या की बात करें तो घरों, मंदिरों, चौराहों को मिलाकर कुल 50 लाख दीये जगमग होंगे। सरयू घाटों पर दीयों में बाती और तेल भरने का काम शुरू हो गया है। इससे पूर्व प्रधानमंत्री का रामकथा पार्क और सरयू तट पर स्वागत होगा। शैलेंद्र शास्त्री की अगुवाई में वैदिक मंत्रोच्चार करने के लिए 51 वैदिकों की टीम पहुंची है।