
पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने से बढ़ी ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड इन दिनों शीत लहर की थपेड़े झेल रही है। खास तौर पर हरिद्वार, उधमसिंह नगर, देहरादून आदि के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ो में पाला पड़ने की वजह से गलन महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार , लगभग चार दिनों तक यही स्थति बने रहने के आसार जताए जा रहे है। वही मैदानी क्षेत्रों में ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
बीते 24 घंटो में रानीचौरी का न्यूनतम तापमान सबसे कम -2.4 डिग्री सेल्सियस, वही खटीमा का 23.0 डिग्री सेल्सियस सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। इसके साथ शहरीय क्षेत्रों में सामान्य से दो से पांच डिग्री तक पारा लुढ़का है। जिसकी वजह से सुबह और शाम में भारी ठंड महसूस की जा रही है। देहरादून में भी अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम पारा भी चार डिग्री सेल्सियस से नीचे है। मसूरी और नैनीताल में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने मौसम की जानकारी देते हुए बताया कि, ” मैदानों में अगले कुछ दिन शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान कोहरा छाए रहने से सुबह और रात को तापमान में और गिरावट आ सकती है। जबकि, पहाड़ों में पाला पडऩे के आसार हैं। बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेशभर में कंपकंपी बढ़ सकती है।”