
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रखेंगे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर नजर
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर अब सीधी नजर रखेंगे। इसके लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में एक राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति हर 15 दिन में बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं और केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही भविष्य के लिए रूपरेखा भी तैयार करेगी। उत्तराखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार का विशेष फोकस है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग भी मांगा था। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकताओं में भी शामिल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीड बैक ले रहे हैं। अब इस कड़ी में शासन ने सीएम की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समिति का गठन किया है।
इस समिति में स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत उपाध्यक्ष होंगे। इसके अलावा समिति में सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी व डॉक्टर पंकज कुमार पांडेय, अपर सचिव स्वास्थ्य सोनिका व अपर सचिव अरुणेंद्र सिंह चौहान बतौर सदस्य शामिल होंगे। महानिदेशक स्वास्थ्य डा तृप्ति बहुगुणा इस समिति में सदस्य सचिव के रूप में रहेंगी।
ये भी पढ़े :-नैनीताल : चारधाम यात्रा पर जारी रहेगी रोक, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब
जानकारी देते हुए उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य स्तरीय समिति प्रदेश में चल रही मौजूदा योजनाओं पर निगरानी के साथ ही आगे की कार्ययोजना भी तय करेगी। इसी प्रकार जिलों में भी डीएम की अध्यक्षता में समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति जिले स्तर पर स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा कर रिपोर्ट शासन को भेजेंगे ।