
इस तारीख को मिलेगी ब्रू-शरणार्थियों को शरण, जानिए क्या है पूरा मामला
मूल रूप से मिजोरम की इस जनजाति का राज्य में पुनर्वास का काम 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक ने कहा कि, त्रिपुरा में राहत शिविरों में रह रहे विस्थापित ब्रू शरणार्थियों के पुनर्वास का काम 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
43% परिवारों के पुनर्वास का काम पूरा
पिछले साल अप्रैल में शुरू किए गए काम के तहत अब तक कुल 6,950 शरणार्थियों में से 43 फीसदी परिवारों के पुनर्वास का काम पूरा कर लिया गया है। ये सभी उत्तर त्रिपुरा में स्थित 6 राहत शिविरों में रह रहे थे। केंद्रीय मंत्री का कहना है कि, पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह के नेतृत्व में इसका हल निकाला जाएगा। सरकार की तरफ से ब्रू जनजातियों के पुनर्वास के मुद्दे को लेकर हर महीने समीक्षा बैठक की जाती है।
1997 से रह रहे हैं शरणार्थी
बता दें कि, हजारों की संख्या में ब्रू जनजाति कंचनपुर और पानीसागर के राहत शिविरों में 1997 से रह रहे हैं। वे पड़ोसी राज्य मिजोरम में जातीय संघर्ष के बाद वहां से भागकर त्रिपुरा आ गए थे। उनकी संख्या अब बढ़कर 30,000 हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक 3000 शरणार्थियों का पुनर्वास किया जा चुका है। और अब 3,959 लोग अब भी राहत शिविरों में रह रहे हैं।