
मिशन 2022: अब गृह संपर्क अभियान से यूपी की जनता को साधेगी भाजपा
लखनऊ: आगामी विधानसभा चुनाव को फतेह करने के लक्ष्य से जन-जन को अपनी नीति से परिचित कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी जल्द ही ‘गृह संपर्क अभियान’ शुरू करेगी। इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता योजनाबद्ध ढंग से बूथ को केंद्र मानकर घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर भाजपा सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक देंगे।
इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं के पास सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की सूची भी रहेगी। गृह संपर्क अभियान प्रदेश के 01 लाख 63 हजार बूथों पर चलाया जाएगा, जो बूथ समिति के निर्देशन में चलेगा। अभी भाजपा पन्ना प्रमुख बनाने का कार्य कर रही है।
20 सितंबर तक बन जाएंगे पन्ना प्रमुख
20 सितंबर तक पन्ना प्रमुख बनाने का कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित किए जायेंगे। इसके बाद भाजपा गृह संपर्क अभियान शुरू करेगी। गृह संपर्क अभियान के बहाने भाजपा प्रत्येक बूथ पर नए सदस्य भी बनाने का कार्य करेगी।
पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर 100 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भाजपा के प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि, 2022 में यूपी में भाजपा की पूर्ण विजय हमारा लक्ष्य है। इसके लिए भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और जनता का आशीर्वाद लेंगे।