
चार करोड़ परिवारों तक पहुंचने के लिए बीजेपी ने बनाया यह प्लान
लखनऊ: साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार एक्शन मोड में है। एक तरफ महाजनसंपर्क अभियान के तहत केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर, अब पार्टी गांव-गांव तक पहुंचने की कवायद भी तेज़ कर रही है। पार्टी ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि दस दिन में चार करोड़ परिवारों तक पहुंचना है और सरकार की योजनाओं से उन्हें जोड़ना है। बता दें कि 21 से 30 जून तक घर-घर जनसम्पर्क अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, बूथ कार्यकर्ता घर घर जाएंगे। संपर्क के साथ पार्टी का साहित्य और मोदी सरकार की उपलब्धियों से जुड़े पत्र वितरित किए जायेंगे। संपर्क टोली के सभी सदस्य पार्टी का पटका व टोपी पहनकर और हाथ में पार्टी का झंडा लेकर घर-घर जायेंगे। 10 दिन में प्रदेश के 1.70 लाख बूथों पर स्थित चार करोड़ से ज़्यादा परिवारों से भाजपा संपर्क साधेगी। संपर्क के सत्यापन के लिए जिस व्यक्ति से संपर्क किया उससे पार्टी के टोल फ़्री नंबर पर मिस्ड कॉल भी करानी होगी। जितने मिस्ड कॉल होंगे उतना ही संपर्क माना जाएगा।