‘धन्यवाद मोदी सम्मेलन’ आयोजित करेगा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा
मोर्चा के अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने दी जानकारी
लखनऊ: केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी बड़े स्तर पर कार्यक्रमों का योजन कर रही है। इसी कड़ी में महाजनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत केन्द्रीय मंत्री, पार्टी के पदाधिकारी, यूपी सरकार में मंत्री आदि लगातार जनता के बीच जाकर सरकार उपलब्धियों, योजनाओं और नीतियों-रीतियों से रूबरू करा रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा भी अभियान चलाने जा रहा है।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने इसकी जानकारी दी है। प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया है कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा ‘धन्यवाद मोदी सम्मेलन’ का आयोजन करेगा। सभी नगर निगम मेँ यह सम्मेलन प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ किया जायेगा। इसके साथं ही सभी जनपदों मेँ ओबीसी समाज के सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई जाएंगी। यूपी में पिछड़े वर्गों के 75 लाख लाभार्थियों तक पहुंचा जाएगा। लाभार्थियों के साथ संवाद और समर्थन हासिल करना हमारा लक्ष्य होगा। खिलाड़ी, वैज्ञानिक, साधु-संत समेत अलग-अलग क्षेत्र में काम करने वालों को सम्मानित किया जायेगा।