
बिहार : सीएम नीतीश पहुंचे समस्तीपुर, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायज़ा
बिहार में पिछले कई दिनों से बाढ़ ने कहर मचा रखा है। सीएम नीतीश बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर पीड़ितों की समस्याओं की जानकारी ले रहे है। शनिवार को उन्होंने समस्तीपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायज़ा लिया। मुख्यमंत्री ने मोहिउद्दीन नगर, विद्यापति नगर में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मुश्किलें पूछी।
नगर के पदाधिकारियों के साथ इस मामले पर बैठक भी की। साथ ही उन्होंने राहत शिविर, किचन सेंटर का भी निरीक्षण किया। क्षेत्रों की समीक्षा में शिक्षा मंत्री विजय चौधरी, साथ जदयू और भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल थे । मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से राहत शिविरों के कार्यो की भी जानकारी ली।
सीएम नीतीश कुमार करीब 12 बजे अपने हेलीकाप्टर से आरबीएस कॉलेज अंदौर के परिसर पहुचे। सीएम के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं समेत प्रशासनिक पदाधिकारी भी एकत्रित हुए। फिर वह अंदौर से सड़क मार्ग के रास्ते से टाउन हॉल बलुआही के संचालित शिविर पहुँचे। सीएम ने सामुदायिक रसोईघर का भी जायज़ा लिया। वह स्थानीय विधायक राजेश कुमार सिंह और अन्य नेता व कार्यकर्ता से भी मिले।
सीएम ने स्थानीय लोगो से बात कर उनकी मुश्किले पूछी जिसमे सड़क के मुद्दे पर सबने अपनी आवाज़ उठाई। स्थानीय ग्रामीण ने अलग क्षेत्रो की स्थिति जानने का अनुरोध किया। सीएम का यह दौरा करीब 40 मिनट तक चला जिसके बाद वह विद्यापतिनगर के लिए रवाना हो गए।
आपको बता दे कि, इसके पहले भी सीएम ने कई क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ितों की जानकारी ली है। हाल ही में मंगलवार को उन्होंने भागलपुर और खगड़िया की समीक्षा की थी। बाढ़ का कहर ज्यादा होने के कारण नीतीश ने पहले हवाई सर्वे किया फिर भागलपुर के लोगों से बात कर जानकारी ली।