
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की वोटिंग आगे बढ़ती जा रही है, रुझान और दिलचस्प होते जा रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले रुझान आ रहे हैं। 403 में से कुल 387 सीट के रुझान में बीजेपी 254, समाजवादी पार्टी 121, बसपा सात और कांग्रेस को चार सीट पर बढ़त मिली है। अन्य दल तीन सीट पर आगे चल रहे हैं।
अब तक के अपडेट्स:
बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के बेटा और मऊ सदर से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से प्रत्याशी अब्बास अंसारी पीछे चल रहा है। यह अब्बास का दूसरा विधानसभा चुनाव है। यहां से बीजेपी प्रत्याशी अशोक सिंह आगे हैं। वहीं, मुख्तार के बड़े भाई का बेटा सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू गाजीपुर की सीट से सपा प्रत्याशी के रूप में बढ़त पर है।
सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी की सिराथू सीट पर बढ़त बनाए हैं। योगी आदित्यनाथ करीब 12 हजार वोट से आगे हैं। बलिया के फेफना से मंत्री उपेंद्र तिवारी सपा के प्रत्याशी संग्राम सिंह यादव से पिछड़ गए हैं।
सपा के गढ़ और इनकी परपंरागत सीट इटावा के जसवंतनगर से शिवपाल सिंह यादव आगे चल रहे हैं। गोरखपुर शहर से बीजेपी प्रत्याशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़त बना ली है। मैनपुरी के करहल विधानसभा से पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी बढ़त पर हैं। गोरखपुर से भीम आर्मी के प्रत्याशी चंद्र शेखर रावण को अब तक सिर्फ 123 वोट मिले हैं।
वहीं, करहल में अखिलेश यादव बीजेपी के एसपी सिंह बघेल से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस से प्रत्याशी नहीं खड़ा किया है। बसपा तीसरे और नोटा चौथे स्थान पर है। अलीगढ़ की सात सीटों में से चार के रुझान आए हैं, जिन पर भाजपा काफी आगे चल रही है।