
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दिग्गजों के दौरे लगातार जारी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी की एक साझा प्रेस वार्ता मुजफ्फरनगर में होनी थी। लेकिन, अखिलेश यादव का हेलिकॉप्टर दिल्ली में ही रोक लिया गया है।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर उनके हेलिकॉप्टर को रोककर रखने का आरोप लगाया है। बता दें कि करीब 1 बजे मुजफ्फरनगर में उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस थी, लेकिन वह अबतक दिल्ली में हैं। इसपर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला और कहा कि उनको मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है।
जनता सब समझ रही है: अखिलेश यादव
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ‘मेरे हेलिकॉप्टर को अभी भी बिना किसी कारण बताए दिल्ली में रोककर रखा गया है और मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है, जबकि भाजपा के एक शीर्ष नेता अभी यहां से उड़े हैं। हारती हुई भाजपा की ये हताशा भरी साज़िश है। जनता सब समझ रही है।’