
गाजियाबाद: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नौ दिनों के विश्राम के बाद मंगलवार को फिर आरंभ हुई और उत्तर प्रदेश में दाखिल हो गई। दिल्ली से उत्तर प्रदेश के लिए यह यात्रा सुबह करीब 10 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट के निकट जमुना बाजार से रवाना हुई और दोपहर को उत्तर प्रदेश के लोनी (गाजियाबाद) पहुंची जहां से यह देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य में दाखिल हुई।
उत्तर प्रदेश पहुंचने पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहुल गांधी और अन्य यात्रियों का स्वागत किया। कांग्रेस महासचिव और पार्टी के उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस यात्रा में शामिल हुईं और राहुल गांधी और अन्य नेताओं का स्वागत किया। दिल्ली प्रदेश के नेताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं को यात्रा का ध्वज सौंपा।
यूपी: सीएम योगी से मिले डॉ. संजय निषाद, संकल्प दिवस में आने का दिया निमंत्रण
‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी और गत 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंची थी। नौ दिनों के विराम के बाद आज यह फिर से आरंभ हुई है और उत्तर प्रदेश के बाद हरियाणा, पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर जाएगी।