
2022 में होने वाले चुनावों से पहले बसपा ने पहली बार की पार्टी में प्रवक्ताओं की नियुक्ति
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जोरदार तैयारी में जुटी है। पहली बार पार्टी प्रवक्ताओं की नियुक्ति कर रही है। बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी में बड़ा बदलाव किया है। तीन प्रवक्ताओं को नियुक्त कर लोगों तक अपनी तथा पार्टी की बातें पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
अभी तक बसपा में कोई भी आधिकारिक प्रवक्ता नहीं मौजूद था। बसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती और पार्टी राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ही पार्टी के सभी बयान जारी करते थे। बसपा ने यूपी के लिए तीन प्रवक्ताओं को नियुक्त किया है।
सोमवार को बसपा ने पार्टी के तीन प्रवक्ताओं को नियुक्ति किया है। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा द्वारा डॉ. एमएच खान, धर्मवीर चौधरी और फैजान खान को पार्टी के प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किया है। सतीश चंद्र मिश्रा ने इसके लिए एक पत्र भी जारी किया है।
बसपा लम्बे समय तक यूपी में शासन कर चुकी है। काफी समय तक पार्टी ने इंटरनेट मीडिया का इस्तेमाल भी नहीं किया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पिछले तीन सालों से ट्विटर पर काफी सक्रिय रहती हैं।
अपने विचारों को वह हर दिन ट्वीट करती हैं। पार्टी के दूसरे नेता भी इंटरनेट मीडिया पर अब काफ़ी सक्रिय हो गए हैं। अपने क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों का पार्टी सांसद और विधायक व्यापक प्रचार भी करते हैं। तीन प्रवक्ता पार्टी को मिलने के बाद पार्टी की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।
ये भी पढ़े :- जायज और नाजायज बच्चों के बीच अंतर होना चाहिए खत्म, पिता को भी होना चाहिए देखभाल का अधिकार