
बरेली: बरेली जिले में मंगलवार को कांग्रेस की ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ मैराथन दौड़ में भगदड़ मच गई। इस दौरान कई लड़कियां दब गईं। बच्चियों के जूते, चप्पल भी सड़क पर बिखर गए। इस घटना में कई लड़कियों के दबने की खबर है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेत्री और पूर्व +मेयर सुप्रिया ऐरन ने इसे राजनीतिक साजिश बता दिया। साथ ही कहा कि जब वैष्णो देवी में भगदड़ मच सकती है तो यहां क्यों नहीं।
कांग्रेस नेत्री सुप्रिया ऐरन ने कहा कि जब वैष्णो देवी में भगदड़ मच सकती है तो फिर ये बच्चियां हैं, ये इंसानी फितरत होती है। लेकिन, मैं मीडियाकर्मियों से इसके लिए माफी मांगती हूं। ये साजिश भी हो सकती है। कांग्रेस के बढ़ते जनाधार की वजह से इस तरह की साजिश भी की जा सकती है।
भीड़ के कारण मची भगदड़
कांग्रेस की इस मैराथन दौड़ के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें साफ देखा जा सकता है कि काफी ज्यादा संख्या में छात्राएं इस मैराथन में हिस्सा ले रही थीं। इसी दौरान दौड़ते समय कुछ छात्राएं गिर जाती हैं। इसके बाद उनसे टकराकर के कई छात्राएं उनके ऊपर गिर जाती हैं। इसके बाद आयोजनकर्ता छात्राओं की मदद से बच्चियों को उठाते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ छात्राओं को हल्की चोटें भी आई हैं।