आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को अचानक आजमगढ़ पहुंचे। सदर विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के घर पर उन्होंने नवनिर्वाचित विधायकों और पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बीच सपा अध्यक्ष की एक झलक पाने के लिए समर्थकों की भारी भीड़ रही।
इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यूपी के चुनाव पर चर्चा न हो इसलिए कश्मीर फाइल्स रिलीज की गई है। उन्होंने जिले के लोगों को धन्यावाद देते हुए कहा कि भाजपा ने आजमगढ़ में सपा का पीछे करने की पूरी कोशिश की, लेकिन जनता ने उनका पूरा साथ दिया। जिससे सपा की सीटें बढ़ी हैं और वोट प्रतिशत भी बढ़ रहा है। सपा सुप्रीमो ने कहा कि आने वाले समय में जो चुनाव होगा न केवल भाजपा की सीटें कम होगी बल्कि उनका वोट घटाने का काम जनता करेगी।
सांसदी या विधायकी में क्या छोड़ेंगे सपा मुखिया?
वहीं इस मौके पर उन्होंने सांसदी या विधायकी में क्या छोड़ेंगे के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि हम आपसे जानना चाहते हैं हम क्या करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने अपने वरिष्ठ नेताओं के बीच यह बात रखी है। क्योंकि निर्णय होने और करने से पहले कम से कम इन लोगों की राय सामने आ जाए। इसके बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। अखिलेश यादव पिछले लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ से सांसद चुने गए थे। इस विधानसभा चुनाव में मैनपुरी की करहल से विधायक भी बन गए। अखिलेश को अब आजमगढ़ से सांसदी या करहल से विधायकी में से एक सीट छोड़नी होगी। चर्चा है कि अखिलेश सांसदी छोड़ने का पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी पर क्या असर हो सकता है, इसी पर मंथन करने अखिलेश यादव आजमगढ़ पहुंचे हैं।