
लखनऊ: छापों से गरमाई सियासत के बीच अखिलेश यादव ने ब्राह्मण वोटबैंक को साधने की कवायद एक बार फिर की है। वह दो जनवरी को गोसाइगंज में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे मौरा गांव में स्थापित भगवान परशुराम की मूर्ति का अनावरण करेंगे। भगवान परशुराम के नाम पर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। गौरतलब है कि ब्राह्मण वोटबैंक को साधने के लिए यूपी में सभी दल जोर आजमाइश में जुटे हुए हैं। बसपा, कांग्रेस और भाजपा भी लगातार कोशिशें कर रहे हैं। इधर सपा के नेताओं ने भी भगवान परशुराम की मूर्ति लगाने का दावा किया था। इस दावे को पूरा किया गया है। मौरा गांव में दो बीघा जमीन पर यह मूर्ति लगाई गई है।
अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा के 10वें चरण में 2 जनवरी को HCL IT City लखनऊ से निकलकर महुराकला तक यात्रा निकाली जाएगी। अखिलेश यादव सुबह 11 बजे एचसीएल के सामने कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उसके बाद सुबह 11:30 बजे अमूल दुग्ध प्लॉट पर स्वागत कार्यक्रम किया जाएगा। 11:45 बजे रोहतास मैदान कासिमपुर में जनसभा को सम्बोधित करने के बाद पूर्वान्चल एक्सप्रेसवे पर महुराकला गांव में भगवान परशुराम के मन्दिर में आयोजित पूजन कार्यक्रम में भाग लेंगे।
नौ चरणों में यूपी मथ चुके हैं अखिलेश यादव
अखिलेश यादव अपनी विजय रथ यात्रा के नौ चरण पूरे कर चुके हैं। इस दौरान लगभग पूरा यूपी वे मथ चुके हैं। अखिलेश यादव की इस विजय रथ यात्रा में उनके सहयोगी दल भी साथ आ रहे हैं। यूपी में हर कोने में उनकी यात्रा हो चुकी है। अखिलेश यादव की इस विजय यात्रा में उमड़ रही भीड़ से कार्यकर्ता उत्साहित हैं। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव एक बार फिर यूपी को मथने की रणनीति तैयार कर रहे हैं। क्योंकि अब आचार संहिता में गिने चुने दिन ही बचे हैं। उधर चुनाव आयोग ने भी समय पर चुनाव कराने का संकेत दिया है।