
TrendingUttar Pradesh
लखनऊ: सेवानिवृति दरोगा ने किया नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास
पुलिस मामले को दबाने में जुटी
लखनऊ : राजधानी पुलिस बच्चों की सुरक्षा के लिए तमाम दावे करती है। लेकिन विभाग के कुछ पुलिसकर्मी ओछी हरकत करने से बाज नहीं आते। उनकी करतूत से खाकी दामनदार होता जा रहा है। एक ऐसा ही मामला काकोरी थानाक्षेत्र से सामने आया है। जहां एक रिटायर्ड दरोगा ने नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश की है। इसके बाद नाबालिग के परिजनों ने रिटायर्ड दरोगा के खिलाफ काकोरी कोतवाली में तहरीर दी है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने दरोगा पर कार्रवाई नहीं की है।

घर के बाहर खेल रही थी बेटी
दरअसल, काकोरी थानाक्षेत्र की महिला ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने बच्चों के साथ मायके में आयी थी। उसके घर के पड़ोस में एक रिटायर्ड दरोगा रहता है। गुरुवार रात उसकी 9 साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी और सभी सदस्य घरेलू कामकाज में व्यस्त थे। महिला का आरोप है कि बेटी को खेलता देख दरोगा ने उसे गोद उठा लिया और गलत नियत से छेड़खानी करने लगा। जब उसकी बेटी रोने लगी तब दरोगा बेटी को अकेला छोड़कर वहां से भाग खड़ा हुआ। महिला ने बताया कि पहुंचकर बेटी ने आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। दरोगा की करतूत कॉलोनी में रह रहे लोगों को पता चली, तो स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
पुलिस मामले को दबाने में जुटी
इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर शिकायत दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दरोगा का पक्ष लेते हुए पीड़ित परिवार को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित परिवार दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता रहा। फिर ये मामला काकोरी कोतवाली पर पहुंच गया। देर रात महिला ने दरोगा के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक पुलिस ने रिटायर्ड दरोगा पर कार्रवाई नहीं की है। इस सम्बन्ध दरोगा का कहना है कि उस पर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं वो निराधार हैं। उसने बच्ची को गोद में लेकर खिलाने की कोशिश की थी। जिस वजह से बच्ची उससे डर गई और वह रोने लगी।