![](/wp-content/uploads/2022/08/BABU-JI.jpg)
सीएम योगी ने किया कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण, कहा- पूरा करेंगे बाबू जी का सपना
प्रदेश की जनता को उनके नाम पर सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान का तोहफा दिया है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पहली पुण्यतिथि पर मौजूदा सीएम योगी सरकार ने उनको नमन किया। साथ ही प्रदेश की जनता को उनके नाम पर सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान का तोहफा दिया है।
मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को लखनऊ के सुल्तानपुर रोड पर स्थित कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान में स्व. कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही ऑपरेशन थियेटर ब्लॉक का भी लोकार्पण किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री के साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर व स्व. कल्याण सिंह के बेटे व एटा सांसद राजवीर सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनको नमन किया।
कल्याण सिंह को बताया युग पुरुष
कार्यक्रम में सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. कल्याण सिंह की पहली पुण्यतिथि पर नवनिर्मित कैंसर इंस्टीट्यूट में उनकी प्रतिमा स्थापित हुई है। प्रदेश सरकार ने संस्थान का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री के नाम पर ही रखा है। इस अवसर पर मैं उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने कल्याण सिंह को युग पुरुष भी बताया। साथ ही कहा कि प्रदेश के कई जनपदों में आज ही उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।
सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुशासन की नींव बाबूजी ने रखी थी। आजादी के बाद सुशासन वाली पहली सरकार सन् 1991 में श्रद्धेय कल्याण सिंह की ही सरकार थी, जो हम सभी की स्मृतियों में है। उन्होंने हर तबके के हितों के साथ ही आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए भी कार्य की शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने जीवन में वह सदैव जनहित को ही वरीयता देते रहे। बाबूजी की कार्य पद्धति निर्णायक साबित हुई है। सीएम योगी ने कहा कि अब इस अस्पताल में कैंसर के मरीजों का इलाज हो सकेगा। गरीब, मजदूर, किसान और पीड़ित की मदद के लिए सदैव आगे रहने वाले स्व. बाबू जी कल्याण सिंह का सपना हम मिलकर पूरा करेंगे।