
राष्ट्रपति चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग, NCP विधायक ने मुर्मू के समर्थन में किया मतदान
असम में कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है।
नई दिल्ली: देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इसमें कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक हिस्सा ले रहे हैं। चुनाव में 27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, जबकि सिर्फ 14 दलों के समर्थन के साथ यशवंत सिन्हा को लगभग 3.62 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।
इस बीच असम से एआइयूडीएफ (AIUDF) के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि असम में कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। उनके मुताबिक, रविवार को कांग्रेस ने बैठक बुलाई थी, जिसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। इतना ही नहीं करिमुद्दीन ने दावा किया है कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है और परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा।
एनसीपी विधायक ने की क्रॉस वोटिंग
इसके अलावा गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल एस जडेजा ने पुष्टि करते हुए कहा है कि उन्होंने एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।