
लखनऊ: रामपुर सांसद व समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान को लेकर सियासी घमासान जारी है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव के आजम खान से मुलाकात करने के बाद रविवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल सीतापुर जेल पहुंचा है।
सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के साथ कई अन्य नेता सीतापुर जेल में आजम खान से मुलाकात करने पहुंचे हैं। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने जेल में बंद आज़म खान की हत्या की आशंका जताते हुए भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है।
आजम खान की हत्या की जताई आशंका
लखनऊ मध्य से विधायक रविदास मेहरोत्रा ने आजम खान करीब 26 महीने से जेल में बंद हैं तो ऐसा लगता है कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है। उन्होंने कहा कि हमें आशंका है कि कहीं आजम खान की जेल में हत्या न कर दी जाए। भाजपा सरकार दमन और अत्याचार करने का काम कर रही है और सपा इसके जुर्म के खिलाफ लगातार संघर्ष करने का काम कर रही है।
आजम खान से सपा के किनारा करने के सवाल पर विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि अखिलेश यादव जी ने ही हमें यहां पर भेजा है। वह सपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के विरोध में हैं और लगातार संघर्ष कर रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव में उनके क्षेत्र में जाकर आजम खान के लिए वोट मांगा था। हम सब आजम खान की अगवाई में विधानसभा में लड़ने का काम करेगें।