
बिहार के नालंदा में डबल मर्डर से इलाके में मची सनसनी, जानिए क्या है पूरा मामला
परवलपुर (नालन्दा) । बिहार के नालंदा में हुए दोहरे हत्याकांड के चलते इलाके में सनसनी फैल गई है। परवल पुर थाना क्षेत्र अलामा गांव में शनिवार को होली के मौके पर अनिल राउत की पत्नी रेणु देवी एवं उनके पड़ोसी राजेन्द्र राउत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह सामने आने पर मालूम पड़ा कि, होली के एक दिन पहले मस्ती के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारना बताया जा रहा है। हत्याकांड के मामले में पूर्व मुखिया कौशलेंद्र शर्मा सहित एक अन्य को हिरासत में लिया गया है।
घटना के बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गांव में होली की मस्ती के दौरान राजेन्द्र राउत के टोले के एक किशोर को कौशलेंद्र शर्मा के पक्ष के एक युवक ने थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद राजेन्द्र राउत के पक्ष के लोग शाम में लाठी डंडे लेकर कौशलेंद्र शर्मा के घर पर चढ़ कर भी मारपीट की थी। शनिवार सुबह इसी विवाद को प्रतिष्ठा से जोड़कर तूल दे दिया गया। फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान अनील राउत की पत्नी रेणु देवी एवं पड़ोसी राजेन्द्र राउत को गोली लगी। दोनों की मौत हो गई। जबकि जख्मी आशा देवी का इलाज चल रहा है। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने रेणु देवी एवं राजेन्द्र राउत का शव रखकर एकंगरसराय-बिहारशरीफ एनएच-33 को अवरुद्ध कर दिया। करीब दो घण्टे बाद सड़क जाम हटाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत की गई है।