
रामपुर: विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है। रामपुर आजम खान का गढ़ माना जाता है। लेकिन इस बार आजम खान जेल में रहते हुए चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी रामपुर में शंकरपुर आवास के पास दनियापुर बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। मतदान करने के बाद मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि, लोकतंत्र पर्व की यही विशेषता है कि इसमें सभी लोग बढ़, चढ़कर, जोश और जुनून के साथ हिस्सा लेते हैं ।
उन्होने शायराना अंदाज में कहा ‘एक सफ़ में खड़े हो गए महमूद ओ अयाज़, ना कोई बंदा रहा ना बंदा नवाज़। इसलिए हमारा हिंदुस्तान दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश कहलाता है।’ इसके अलावा मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि, एकबार फिर से यूपी में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
दूसरी तरफ आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा ने कहा कि, आजम खान नहीं होने के बाद भी लोगों में जोश और जुनून है। लोग उनके पक्ष में मतदान कर रहे हैं। रामपुर की जनता आजम खान को वोट देने के लिए उमड़ पड़ी है।