![](/wp-content/uploads/2022/02/images-2022-02-03T130048.392.jpeg)
देश में बारिश ने बढाई गलन, पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी
दिल्ली-एनसीआर में सुबह से बारिश हो रही है। जिससे ठंड में इजाफा हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 1313 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके अलावा उत्तर भारत में मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पहाड़ों में भारी बर्फ और मैदानों में बारिश का अनुमान जताया है.
तीन दिनों में बढ़ेगी ठंड
यूपी में बारिश और ठंड से लिए अभी 3 दिन और तैयार रहना होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण 3 फरवरी को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरेंगे। शनिवार तक कोहरा, बारिश और ओले गिरने की संभावना है। जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है.
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, बढ़ेगी गलन
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी है। इनमें शिमला, कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर शामिल हैं। बारिश और बर्फबारी के चलते यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रदेश के लाहौल-स्पीति,कुल्लू ,किन्नौर, शिमला, मंडी, सिरमौर, चंबा व कांगड़ा के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश में भारी बारिश व बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। निचले व मैदानी कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है।
प्रदेश में बढ़ी शीतलहर
बर्फबारी- बारिश से प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजुम दर्रा, जलोड़ी दर्रा सहित पांगी की ऊपरी चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई है। इसके साथ ही शिकारी देवी कमरुनाग समेत आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फ़बारी शुरू हो गई है। वहीं, निचले इलाकों में बारिश होने से किसानों और बागवानों के चेहरे खिले हैं।
देवभूमि में भी मौसम ने ली करवट
देहरादून हरिद्वार सहित पूरे राज्य में गुरुवार सुबह से मौसम खराब है। नई टिहरी में सुबह 7 बजे से बारिश शुरू हुई है जो अब तक जारी है। वहीं रुद्रप्रयाग जिले में सुबह से हल्की बारिश हो रही है। केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी दौर जारी है। वहीं मसूरी में दिन की शुरुआत कोहरे की धुंध से हुई है। वहीं मसूरी के कई इलाकों में सुबह से बारिश भी हो रही है। ऊंचाई वाले स्थान लालटिब्बा में बर्फ के फुव्वारे पड़े, जिसके चलते शहर में ठंड बढ़ गई है। बात चमोली की करें तो जनपद में तड़के से ही बारिश और बर्फबारी जारी है। बडकोट में यमुनोत्रीघाटी में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है जबकि यमुनोत्रीधाम व आसपास की चोटियों पर बर्फबारी हो रही है।