![](/wp-content/uploads/2022/02/images-2022-02-02T144054.483.jpeg)
UP Election 2022: टिकट कटने पर स्वाति सिंह का बयान, कहा- आजीवन BJP में रहूंगी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह का टिकट भारतीय जनता पार्टी ने काट दिया है। उनकी जगह ईडी से वीआरएस लेने वाले अधिकारी राजेश्वर सिंह को सरोजनीनगर से भाजपा का प्रत्याशी बनाया गया है। इसके बाद स्वाति सिंह ने बुधवार को अपने आवास पर एक प्रेस वार्ता की।
प्रेस वार्ता में मंत्री स्वाति सिंह ने साफ कर दिया है कि वह भारतीय जनता पार्टी को नहीं छोड़ रही हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि मेरे रोम-रोम में भारतीय जनता पार्टी है। मैं यहीं हूं, यहीं रहूंगी, यहीं मरूंगी। बता दें कि उनके समाजवादी पार्टी (सपा) में जाने की चर्चा थी।
पति के साथ कंट्रोवर्सी से इनकार
स्वाति सिंह ने पति दयाशंकर सिंह से चल रहे कथित विवाद और टिकट को लेकर चल रही कंट्रोवर्सी पर कहा कि पति के साथ उनका कोई विवाद नहीं है। वह बोलीं कि मैं भारतीय जनता पार्टी में हूं। यह वह पार्टी है, जो कभी गलत निर्णय नहीं देती। मैं बीजेपी परिवार का हिस्सा हूं और रहूंगी। उन्होंने कहा, मैंने 17 साल की उम्र में विद्यार्थी परिषद को ज्वाइन किया था और मेरे रोम-रोम में भारतीय जनता पार्टी है। स्वाति सिंह ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी की आभारी हैं कि उनको बड़ी जिम्मेदारी दी थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम मोदी उनकी प्रेरणा हैं।
टिकट कटने पर जवाब
वहीं, स्वाति सिंह ने कहा कि मुझसे जब भी पूछा गया कि सरोजनी नगर से बीजेपी का प्रत्याशी कौन होगा? तो मैंने हमेशा कहा कि यहां से कमल का फूल लड़ेगा। वह बोलीं कि शीर्ष नेतृत्व ने यह निर्णय (टिकट नहीं देने का फैसला) लिया है तो जरूर उन्होंने मेरे लिए कुछ बेहतर सोचा होगा। स्वाति सिंह ने कहा, भाजपा से उनकी कोई नाराजगी नहीं है। वह भाजपा के लिए प्रचार करेंगी। भाजपा जो भी जिम्मेदारी देगी उसका वह निर्वाह करेंगे। भाजपा कहेगी तो सरोजिनी नगर में भी प्रचार करेंगी। वह जनता की वजह से जनता के बीच में हैं और हमेशा रहेंगी।