
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 31 जनवरी को मैनपुरी जिले की करहल सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। अखिलेश यादव ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि, पार्टी ने निर्णय किया है कि, वो करहल सीट से चुनाव लड़ें। बीजेपी ने अभी तक करहल सीट से प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि, बीजेपी अपर्णा यादव को टिकट दे सकती है।
देश के सबसे बड़े सियासी परिवार और मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव के एक बयान ने हलचल मचा दी है। अपर्णा यादव लखनऊ की कैंट सीट से दावेदार मानी जा रही हैं, लेकिन अब उन्होंने कहा कि यदि उन्हें भाजपा करहल से टिकट देती है तो वह वहां से भी लड़ने को तैयार हैं। करहल से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं।
अपर्णा यादव ने 19 जनवरी को दिल्ली में भाजपा जॉइन किया था। उन्हें दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। बताया जा रहा है कि वे लखनऊ कैंट से टिकट नहीं मिलने से अखिलेश से नाराज थीं।